कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों के बीच विधायक भावना बोहरा ने मंगलवार को ठाठापुर विद्युत सब स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिजली आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया और विभागीय अधिकारियों से बार-बार हो रही बिजली कटौती के कारणों की विस्तृत जानकारी ली।
जेई से पूछा बिजली कटौती का कारण
निरीक्षण के दौरान विधायक ने सब स्टेशन में मौजूद कनिष्ठ अभियंता (जेई) सौरभ द्विवेदी से लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति को लेकर सवाल किए। उन्होंने व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर नाराजगी जताई और स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम नागरिकों को बार-बार बिजली संकट का सामना नहीं करना चाहिए। विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों को अपनी जवाबदेही तय करनी होगी।
बिजली व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
भावना बोहरा ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को जल्द से जल्द सुचारु किया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि किसी तकनीकी कारण से बिजली बाधित होती है तो उसकी जानकारी उपभोक्ताओं तक समय पर पहुंचाई जानी चाहिए।
औचक निरीक्षण से विभाग में मची हलचल
विधायक के अचानक निरीक्षण से बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान सब स्टेशन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और अधिकारियों ने जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिलाया। भावना बोहरा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और बिजली जैसी आवश्यक सेवा में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।