अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजपुरीकला में राशन वितरण में लगातार हो रही देरी ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। गुरुवार देर रात करीब 12 बजे ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने उचित मूल्य दुकान में जमकर हंगामा करते हुए सोसायटी संचालक को बंधक बना लिया।
महीनों से राशन नहीं मिलने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें पिछले कई महीनों से नियमित रूप से राशन नहीं मिल रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों में भारी नाराज़गी है।
सुबह 3 बजे से लाइन, फिर भी नहीं मिला राशन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वे पिछले तीन दिनों से सुबह 3 बजे से दुकान के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो रहे थे। इसके बावजूद उन्हें राशन नहीं मिला और खाली हाथ लौटना पड़ा। इससे उनका आक्रोश और बढ़ गया।
महीने के आखिरी दिन फूटा गुस्सा
महीने के अंतिम दिन भी राशन नहीं मिलने पर ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने सोसायटी संचालक हरविंद्र प्रसाद राजवाड़े को बंधक बना लिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
संचालक ने बताई देरी की वजह
सोसायटी संचालक का कहना है कि राशन का समय पर आबंटन नहीं होने के कारण वितरण प्रभावित हुआ है। उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
पुलिस पहुंची, स्थिति हुई सामान्य
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश दी और जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई।
संचालक को किया गया रिहा
पुलिस के हस्तक्षेप और उचित कार्रवाई के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने बंधक बनाए गए संचालक को सुरक्षित रिहा कर दिया।