पचमढ़ी/नर्मदापुरम। पचमढ़ी-पिपरिया मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार-सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में जहां 5 लोगों की जान चली गई, तो वही मंगलवार को भी इसी रूट में हुए एक्सीडेंट में एक गाड़ी चालक की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए। जिन्हे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही थी कार
जानकारी के अनुसार हादसा पचमढ़ी-पिपरिया रोड पर उस समय हुआ जब एक ऑल्टो कार कथित तौर पर रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही मारुति सुजुकी डिजायर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए और गाड़ियों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस ने मृतक की पहचान
पुलिस ने मृतक की पहचान भोपाल निवासी मुकेश शर्मा के रूप में की है। बताया जा रहा है कि मुकेश शर्मा पचमढ़ी में टेंट के माध्यम से बाहर से आने वाले भ्रमण समूहों का संचालन करते थे। घटना के समय वे अपनी कार से भोपाल जा रहे थे, तभी हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घायलों की स्थिति सामान्य
सरकारी अस्पताल पिपरिया के डॉक्टर शिव प्रताप सिंह ने बताया कि चार घायलों का उपचार किया गया है। इनमें मानक परतेति के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति सामान्य और स्थिर है। इधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।