New GST Rate: सरकार 22 सितंबर से देश में जीएसटी की नई दरें लागू करने जा रही है, जो आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आएंगी। जीएसटी काउंसिल की हाल ही में हुई बैठक में 12% और 28% के स्लैब को खत्म कर दिया गया है और अब केवल 5% और 18% के स्लैब बचेंगे। इस बदलाव से खाने-पीने की चीजों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स और वाहनों तक की कीमतों में कमी आएगी।
GST स्लैब में बड़ा बदलाव
पहले 12% स्लैब में आने वाले ज्यादातर उत्पाद अब 5% स्लैब में आ जाएंगे, वहीं 28% स्लैब वाले उत्पाद 18% स्लैब में शिफ्ट हो जाएंगे। इसका मतलब है कि रोजमर्रा की जरूरत की चीजें और लक्जरी आइटम दोनों के दाम कम हो जाएंगे। इस बदलाव से खरीदारी में लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
कुछ वस्तुओं पर GST हुआ शून्य
22 सितंबर से कई जरूरी उत्पादों पर GST पूरी तरह से हटा दिया जाएगा। इनमें प्री-पैकेज्ड पनीर, छेना, यूएचटी दूध, पारंपरिक ब्रेड, पिज्जा ब्रेड, खाखरा, चपाती, रोटी, मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन, जीवन रक्षक दवाएं, और स्कूली उपयोग की वस्तुएं जैसे कॉपी, पेंसिल, इरेजर आदि शामिल हैं। इन वस्तुओं पर कोई टैक्स नहीं लगेगा, जिससे उनकी कीमतें और भी कम हो जाएंगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में टैक्स-मुक्ति
जीएसटी की नई दरों से स्वास्थ्य क्षेत्र को भी बड़ा फायदा होगा। 33 जीवन रक्षक दवाओं पर टैक्स पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। इसके अलावा मेडिकल ऑक्सीजन पर भी अब कोई GST नहीं लगेगा। स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर भी GST हटाने से प्रीमियम में कमी आएगी, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सस्ते दामों पर मिल सकेंगी।