पांढुर्ना: मध्यप्रदेश के पांढुर्ना को नए जिले की सौगात मिलने के बाद प्रशासन ने जहां अजय देव शर्मा को कलेक्टर पद की जिम्मेदारी सौंपी, तो वही अब प्रशासन द्वारा पांढुर्ना के लिए अपर कलेक्टर की नियुक्ति कर दी गई है। सतना में नागरिक आपूर्ति निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक नीलमणि अग्निहोत्री को पांढुर्ना का अपर कलेक्टर बनाया गया है। इसे लेकर सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। बता दें कि पांढुर्णा मध्यप्रदेश का 54 वा जिला है।
MP में नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति
इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने शनिवार को प्रदेश के मऊगंज, पांढुर्ना, मैहर के साथ बड़वानी में नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की है। मऊंगज में राजेंद्र मिश्रा, पांढुर्ना में वैशाली महाले, मैहर में कमलेश सुहाने और बड़वानी में कमल नयन इंगले को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
1998 से लगातार वैशाली बीजेपी में एक्टिव
बता दें कि साल 1998 से लगातार वैशाली बीजेपी में एक्टिव हैं। वर्तमान में महिला मोर्चा की कार्यकारिणी में शामिल की गई हैं तो पहले प्रदेश संगठन में उन्हें स्थान दिया गया था। अब उन्हें पांढुर्ना के भाजपा संगठन की कमान दी गई है, जिससे उनके समर्थक काफी खुश नजर आ रहे हैं। हालांकि, वैशाली के सामने सौसर और पांढुर्ना के तमाम बड़े नेताओं को साधने की चुनौती रहेगी।