MP Police Bharti 2026: मध्य प्रदेश में पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। एमपी पुलिस में आरक्षक (जीडी) और आरक्षक (रेडियो) के कुल 7500 पदों पर जारी भर्ती प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। पुलिस मुख्यालय ने शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET/PPT) की तारीखों का ऐलान कर दिया है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए फिजिकल टेस्ट 23 फरवरी 2026 से शुरू होकर 10 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस चरण में हजारों उम्मीदवार अपनी शारीरिक क्षमता और फिटनेस का प्रदर्शन करेंगे।
इन 10 जिलों में होंगे फिजिकल टेस्ट:
शारीरिक परीक्षा प्रदेश के 10 चयनित केंद्रों भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, बालाघाट, रतलाम और मुरैना पर आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों पर परीक्षा प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा स्थल पर पहुंचने की सलाह दी गई है।
PET/PPT में क्या-क्या होगा शामिल:
फिजिकल टेस्ट से पहले उम्मीदवारों का दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद उन्हें शारीरिक दक्षता परीक्षा से गुजरना होगा, जिसमें शामिल हैं, 800 मीटर दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आधार ई-केवाईसी के जरिए पहचान सत्यापन किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
लिखित परीक्षा और परिणाम का विवरण:
एमपी पुलिस आरक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन लिखित परीक्षा 30 अक्टूबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच आयोजित की गई थी। इसका परिणाम 25 जनवरी 2026 को जारी हुआ, जिसमें करीब 59,438 अभ्यर्थी अगले चरण के लिए सफल घोषित किए गए। गौरतलब है कि 7500 पदों के लिए लगभग 9.78 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे, जिससे यह भर्ती प्रदेश की सबसे चर्चित भर्तियों में शामिल हो गई है। एमपी पुलिस भर्ती 2026 अब अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को आगे चयन प्रक्रिया में मौका मिलेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वे अपनी फिटनेस, दस्तावेज और परीक्षा से जुड़े निर्देशों को लेकर पूरी तैयारी रखें।