भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। 2024 का लोकसभा चुनाव कार्यकर्ताओं की ताकत से जीतेंगे। उन्हाेंने कहा कि भाजपा की विशेषता है कि वह छोटे से छोटे कार्यकर्ताओं को सम्मान देती है। भाजपा का कार्यकर्ता होना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात रतलाम के रूद्र पैलेस में प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित करते हुए कही।
भाजपा का परिवार लगातार बढ़ रहा है: सीएम डॉ. मोहन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद कई विकास और लोककल्याणकारी कार्य किए गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी सबका साथ-सबका विकास के सूत्र वाक्य पर चलते हैं और हमें भी प्रदेश को आगे ले जाना है। भाजपा का परिवार लगातार बढ़ रहा है और हमें सबको साथ लेकर चलना है।
गरीबों का अपमान नहीं सहेगी भाजपा सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों का अपमान किसी को करने नहीं दिया जाएगा और बहनों के मान-सम्मान में भी कोई कमी नहीं आएगी। भाजपा की सरकार गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों की सरकार है। हर कार्यकर्ता को मोदीजी बनना है और घर-घर जाकर भाजपा के लिए वोट मांगना है। आप खुद को प्रत्याशी समझकर चुनाव लड़ेंगे तो निश्चित रिकार्ड मतों से जीतेंगे।
कार्यकर्ता घर-घर जाकर मोदी गुलाल लगाएंगे, मोदी की राम-राम पहुंचाएंगे, 64523 बूथों पर होगा होली मिलन
भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के सभी 64523 बूथों पर 25 मार्च को होली मिलन आयोजन करेगी। पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर बूथ समिति, पन्ना प्रमुखों व वरिष्ठ कार्यकताओं के साथ होली मिलन का कार्यक्रम करेंगे।
कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को मोदी गुलाल लगाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से लोगों को होली की राम-राम कहेंगे। होली मिलन का यह अभियान प्रदेशभर में होली के असर पर चलाया जाएगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में कही। शर्मा ने कहा कि बूथ स्तर पर आयोजित होने वाले होली मिलन अभियान में मोदी गुलाल‘ भी होगा और गुजिए भी होंगे। भाजपा एक परिवार है और हम सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परिवार हैं।