भोपाल। विधानसभा में गुरुवार को स्थगन पर विपक्ष ने जमकर सरकार को घेरा। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थगन पर अपने जवाब में हरदा विस्फोट मामले में कहा कि इसमें जो भी आदमी लिप्त होगा, उसे छोड़ेंगे नहीं। सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि मामले में चल रही कार्रवाई पर पर उनकी पूरी नजर है। किसी भी पीड़ित को कोई दिक्कत नहीं होगी। ऐसी घटनाओं की पुरावृत्ति अब नहीं होगी, यह सुनिश्चित कराएंगे।
बम, पटाखे, आतंकवाद यह सब कांग्रेस की देन: रामेश्वर
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का कहना है कि कांग्रेस के विधायक वैसे भी देश में बम की माला पहनकर घूम रहे हैं। बम पटाखे आतंकवाद यह सब कांग्रेस की देन है। मैं मुख्यमंत्री का धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने तत्काल कार्रवाई की। एसपी और कलेक्टर को हटा दिया गया, जो भी दोषी होगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश है। कांग्रेस तमाशा न करें सरकार जो पहल कर रही है, उसमें सहयोग करें।
कांग्रेस विधायकों ने संवेदनाओं को मार दिया है: मंत्री तोमर
मंत्री प्रद्मुमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने संवेदनाएं को मार दिया हैं। कांग्रेस का कौन सा नेता हरदा गया था। सीएम मोहन यादव और मंत्री उदय प्रताप सिंह ने निरीक्षण कर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। तोमर ने कहा कि कांग्रेस के विधायक आरके दोगने नाटक कर रहे हैं। यदि पहले से फैक्ट्री चल रही थी तो क्या उन्होंने इस संबंध में शिकायत क्यों नहीं की।
परमिट से ज्यादा बारूद का भंडारण किया: रावत
विधानसभा में गुरुवार को स्थगन पर कांग्रेस की तरफ से बोलते हुए राम निवास रावत ने कहा कि हरदा कांड में परमिट से ज्यादा बारूद का भंडारण किया गया था। विस्फोट में 60 घर तबाह हो गए। जैसे राकेट से हमला होता है, उस तरह का विस्फोट हुआ है। अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। माैके पर बाल श्रमिक भ्ाी थे। कई मजदूर काम करते थे। जिस मालिक की यह फैक्ट्री थी, उसकी एक फैक्ट्री पीपलगांव, कुंजरगांव व बैरागढ़ में है। इस फैक्ट्री में 6 फरवरी को लोग मारे गए थे। एसडीएम ने जांच रिपोर्ट दी थी। लाइसेंस की गड़बड़ी सामने आई है। रावत ने कहा कि दो लाइसेंस सस्पेंड थे तो कैसे इतना बड़ा विस्फोटक बना रहा था। बगैर एनओसी के कैसे फैक्ट्री संचालित हो रही थी। उन्होंने बताया कि हरदा के लोगों ने शिकायत की थी। 26 सितंबर 2022 को उसे सील कर दिया गया। इस मामले की पूरी जांच होनी चाहिए।
दोगने पर कार्रवाई की मांग
हरदा विस्फोट कांड पर कांग्रेस विधायक के विरोध प्रदर्शन पर भाजपा ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रवक्ता यशपाल सिसोदिया ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से कांग्रेस विधायक राम किशोर दोगने के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोगने का तरीका बहुत अनुचित था।
दोगने के संरक्षण में चल रही थी फैक्ट्री
भाजपा विधायक कृष्णा गौर ने आरोप लगाया कि जो आरोपी हैं, उन्हें संरक्षण देने का काम भी दोगने कर रहे थे। यह आरोप भी नेता कमल पटेल ने लगाया है। उन्होंने कहा है कि दोगने का संरक्षण था। इसलिए फैक्ट्री चल रही थी। यह उन्हीं के विधानसभा का मामला था।