भोपाल। मध्यप्रदेश, शहरी क्षेत्र के सभी 328 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयुष सुविधाएं उपलब्ध कराने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों के 1440 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में से 695 में आयुष सुविधाएं उपलब्ध हैं और बाकी बचे स्वास्थ्य केंद्रों में भी यह सुविधा बढ़ाई जा रही है। जनजातीय क्षेत्रों में 228 प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयुष डॉक्टरों की उपलब्धता के साथ मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान पर है। 296 की संख्या के साथ ओडिशा पहले और 279 की संख्या के साथ छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर है। यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अवनीश सोमकुवर ने दी।
उन्होंने बताया कि हाल ही में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट हेल्थ डायनामिक्स ऑफ इंडिया-इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड ह्यूमन रिसोर्स में सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक मध्यप्रदेश वर्ष 2005 से ग्रामीण क्षेत्रों में उप स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी करने वाले देश के पहले छह राज्यों में शामिल हो गया है। इसके अलावा सबसे ज्यादा संख्या में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों वाले दस राज्यों में सातवें स्थान पर आ गया है। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की संख्या में भी मध्यप्रदेश पहले छह राज्यों में शामिल है। देश में कुल 5491 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। मध्यप्रदेश में इनकी संख्या 332 हैं।
शहरों में भोपाल में सबसे ज्यादा 54 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
प्रदेश में गांवों में सबसे ज्यादा 68 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिंदवाड़ा में हैं। इसके बाद खरगोन में 58 और रीवा 46 हैं। शहरों में भोपाल में सबसे ज्यादा 54 केंद्र हैं। दूसरे नंबर पर इंदौर-40 और तीसरे नंबर पर जबलपुर-36 है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बड़वानी में 14, मंडला में 12 और सतना में 11 हैं। कुल 21 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सबसे ज्यादा तीन भोपाल में है। रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश के 55,885 गांवों में 10,258 उप स्वास्थ्य केंद्र सेवाएं दे रहे हैं। गांवों में 332 और शहरों में 21 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। सब डिविजन स्तर पर 144 और जिला स्तर पर 52 अस्पताल संचालित हैं। रिपोर्ट के अनुसार 13 मेडिकल कालेज कार्यरत हैं। धार जिले में सबसे ज्यादा 479 उप स्वास्थ्य केंद्र हैं। दूसरे नंबर पर बडवानी – 329, तीसरे स्थान पर रीवा – 326 और चौथे पर सतना 302 हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संपर्क संस्था
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समुदाय और चिकित्सा अधिकारी के बीच की संपर्क संस्था के रूप में काम करता है। यह 6 उप केंद्रों के लिए एक रेफरल इकाई है। इसमें 4 से 6 बिस्तर की सुविधा होती है और यह 26 गांव को कवर करता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 4 चिकित्सा विशेषज्ञ, पैरामेडिकल स्टाफ, फिजिशियन, प्रसूति व स्त्री रोग विशेषज्ञ और बाल रोग विशेषज्ञ होते हैं। इसमें एक आपरेशन थिएटर, एक्स-रे, लेबर रूम और प्रयोगशाला सुविधाओं के साथ 30 बिस्तर की क्षमता रहती है। एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कम से कम चार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए एक रेफरल इकाई के रूप में संचालित होता है। यह 121 गांव को सेवाएं दे सकता है। उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिलकर प्रदेश में 308252.00 वर्ग किलोमीटर में सेवाएं दे रहे हैं। इन संस्थाओं से प्रदेश की 7.26 करोड़ जनसंख्या तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच रहीं हैं। ग्रामीण क्षेत्र की 72.4% जनसंख्या को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।