Morning Breaking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण दिन रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रालय में कई अहम बैठकों में शामिल होंगे। वहीं कांग्रेस प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की संगठनात्मक मैराथन बैठक का दूसरा दिन भी आयोजित होगा। इन बैठकों और कार्यक्रमों के चलते राजधानी समेत पूरे प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों पर सभी की नजर रहेगी।
सुबह 11:40 बजे होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह मुख्यमंत्री निवास से मंत्रालय के लिए रवाना होंगे। सबसे पहले वे यूनिसेफ से जुड़ी बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 11:40 बजे महानदी भवन मंत्रालय में मंत्री परिषद (कैबिनेट) की बैठक होगी। बताया जा रहा है कि बैठक में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों, प्रशासनिक निर्णयों और विकास कार्यों पर चर्चा होगी। विभिन्न विभागों से जुड़े कई प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
कांग्रेस का प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन
प्रदेश कांग्रेस ने आज सभी जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी के निर्देशानुसार सुबह 11 बजे सभी जिलों में प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। साथ ही छात्र समुदाय के समर्थन में भी विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला इकाइयों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
BJP की मैराथन बैठक का दूसरा दिन
भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला आज भी जारी रहेगा। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश की मौजूदगी में प्रदेश महामंत्रियों और विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजकों की बैठक होगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव 2028 की रणनीति, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इससे पहले पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की गई थी।