Morning Breaking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पूरे दिन लगातार बैठकों में हिस्सा लेंगे। वहीं कांग्रेस नकटी गांव में अवैध अतिक्रमण हटाने के मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। दूसरी ओर 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर बीजेपी विधायक दल की बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज पूरे दिन रायपुर में रहेंगे। उनके कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण बैठकें शामिल हैं। सुबह 11:30 बजे स्पीकर हाउस पहुंचेंगे।दोपहर 12:00 बजे मंत्रालय में विभिन्न बैठकों में शामिल होंगे।झारखंड सरकार के मंत्री राधाकृष्ण किशोर के साथ बैठक करेंगे। कॉमर्स एवं इंडस्ट्री विभाग की समीक्षा करेंगे। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की भी समीक्षा बैठक लेंगे। शाम 7:00 बजे मुख्यमंत्री निवास में बीजेपी विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
नकटी गांव मामले पर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस
नकटी गांव में अवैध अतिक्रमण हटाने के मामले को लेकर कांग्रेस आज दोपहर 12:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। प्रेस वार्ता में जांच समिति के सदस्य अपनी रिपोर्ट और पक्ष रखेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी इस दौरान मौजूद रहेंगे और सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।
कल होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 8 जुलाई को कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक में आगामी विधानसभा मानसून सत्र की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा कई विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा और मंजूरी मिलने की संभावना है।
13 जुलाई से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होगा। इसे देखते हुए आज शाम बीजेपी विधायक दल की बैठक नए मुख्यमंत्री निवास में आयोजित की जाएगी। बैठक में सरकार की रणनीति, विपक्ष के सवालों का जवाब और सदन की कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
मौसम विभाग का येलो अलर्ट
प्रदेश में लगातार मानसूनी गतिविधियां बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने बलरामपुर, कोरिया, सूरजपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा और रायगढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।