Morning Breaking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज कई अहम घटनाएं सामने आई हैं। मौसम के बदले मिजाज से लेकर शिक्षा, धार्मिक आयोजन और बैंक घोटाले तक दिनभर की बड़ी खबरों ने लोगों का ध्यान खींचा है। यहां पढ़िए सभी प्रमुख अपडेट एक ही जगह।
मौसम ने बदला रुख, अंधड़-बारिश का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में तेज अंधड़, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के असर से खासकर मध्य छत्तीसगढ़ में इसका ज्यादा प्रभाव देखने को मिल सकता है। राजधानी रायपुर में उमस बढ़ गई है और तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है।
स्कूल यूनिफॉर्म में बड़ा बदलाव
नए शिक्षा सत्र से छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में यूनिफॉर्म बदली जाएगी। हाथकरघा संघ ने बस्तर संभाग के 5 जिलों में यूनिफॉर्म सप्लाई शुरू कर दी है। इस साल 51 लाख से अधिक यूनिफॉर्म वितरित होंगे,नई ड्रेस: ब्लू चेक शर्ट और स्लेटी पैंट/ट्यूनिक रहेगी, हालांकि, 44 लाख छात्रों की किताबों की छपाई अब तक शुरू नहीं होने से चिंता बनी हुई है।
राम नवमी पर शहरभर में धार्मिक आयोजन
राम नवमी के अवसर पर रायपुर में भक्ति का माहौल है। VIP रोड स्थित श्रीराम मंदिर रायपुर में विशेष पूजा होगी, जैतूसाव मठ में 1100 किलो मालपुए का भोग, सदर बाजार के गोपाल मंदिर में पंचामृत स्नान और भजन, शांतिनगर में सुंदरकांड पाठ और महाप्रसाद वितरण किया जाएगा, शहर में झांकियां और धार्मिक कार्यक्रम पूरे दिन चलते रहेंगे।
आज मांस-मटन बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध
राम नवमी और आगामी महावीर जयंती को देखते हुए रायपुर नगर निगम ने सख्त आदेश जारी किए हैं। नगर निगम क्षेत्र में सभी मांस-मटन दुकानें बंद रहेंगी। पशुवध गृहों पर भी रोक रहेगी, इसके साथ ही नियम तोड़ने पर जप्ती और कार्रवाई की चेतावनी जारी की है, स्वास्थ्य विभाग और जोन अधिकारी पूरे शहर में निरीक्षण कर रहे हैं।
IDBI बैंक में करोड़ों का घोटाला, सड़क पर उतरे पीड़ित
IDBI Bank के रायपुर स्थित सिविल लाइन ब्रांच में बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। दो कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों पर आरोप है कि उनके द्वारा 20 से अधिक खातों से FD राशि निकाली गई है, करीब 1.53 करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा हुआ है। जिसे लेकर 21 पीड़ित बैंक के बाहर धरने पर बैठे हैं। आज सुबह 11 बजे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस भी पीड़ितों के समर्थन में प्रदर्शन करेगी।