Rajwada Cabinet Meeting : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की स्मृति में 20 मई को कैबिनेट की बैठक इंदौर के राजवाड़ा में होगी। इसमें होल्कर साम्राज्य की स्थापना करने वाले महाराज मल्हार राव होल्कर का भी स्मरण किया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि देवी अहिल्या बाई होल्कर के 300वें जन्म जयंती वर्ष का समापन 20 मई को हो रहा है। यह सुखद संयोग है कि 20 मई को ही लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर विवाह वर्षगांठ भी होती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक मंत्रालय में हुई। कैबिनेट की बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि कैबिनेट की अगली बैठक में जिला विकास सलाहकार समिति का प्रस्ताव लाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घोषणा की है कि अलग-अलग क्षेत्र में सक्रिय एक लाख लोगों को विकास गतिविधियों से जोड़ते हुए विकास में सहभागिता के आधार का विस्तार किया जाए। इस उद्देश्य से जिला विकास समिति की कल्पना की गई है।
मनोहर सिंह के परिजन को शासकीय नौकरी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बीते दिन मंदसौर में हुई दुर्घटना में स्वयं की जान की परवाह न करते हुए 4 लोगों के प्राणों की रक्षा करने वाले मनोहर सिंह ने अपने जीवन का बलिदान कर दिया है। उनके परिजन को शासकीय नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मरणोपरांत उनका सम्मान भी करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गैस से संचालित गाड़ियों में पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में एडवायजरी जारी करने के लिए पर्यावरण विभाग को निर्देशित किया गया है। उन्होंने शासकीय सेवकों को महंगाई भत्ते की किस्त दिए जाने संबंधी जानकारी भी कैबिनेट के साथियों से साझा की।
एकीकृत पेंशन योजना के लिए समिति गठित
कैबिनेट ने राज्य शासन के एक जनवरी 2005 को या उसके बाद नियुक्त शासकीय कर्मचारियों के लिए एकीकृत पेंशन योजना लागू करने के संबंध में समिति का गठन किया गया है। समिति में अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल अध्यक्ष, प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी, सचिव लोकेश कुमार जाटव, संचालक बजट सुश्री तन्वी सुन्द्रियाल, उप सचिव अजय कटेसरिया सदस्य होंगें। संचालक पेंशन मप्र जेके शर्मा को सदस्य सचिव बनाया गया है।