Pachmarhi Cabinet Meeting : रानी अहिल्याबाई होलकर की 300 वीं जयंती के उपलक्ष में मोहन कैबिनेट की बैठक पिछली बार इंदौर में रखी गई थी। इस बार गोंड शासक राजा भभूत सिंह के शौर्य और पराक्रम को चिर स्थायी बनाने मोहन सरकार प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में कैबिनेट की बैठक करने जा रही है। इसमें इटारसी के पास करीब 80 एकड़ क्षेत्र में बने लॉजिस्टिक हब के संचालन को दुबई की नामी कंपनी डीपी वर्ल्ड (दुबई पोर्ट) को देने जा रही है। मप्र में किसी बहुराष्ट्रीय कंपनी का यह महत्वपूर्ण निवेश होगा। इसके जरिए सरकार विदेशी निवेश को प्रोत्साहित करेगी।
राजभवन में होगी बैठक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज पचमढ़ी के राजभवन में कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई है। इसमें सरकार के सभी मंत्री व वरिष्ठ अधिकारी शिरकत करेंगे। इस कैबिनेट में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मंजूरी दी जाएगी। इसके अलावा विजन-2047 पर अधिकारियों का प्रजेंटेशन भी होगा। इसमें मप्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए अहम निर्णय लिए जाएंगे। बैठक को ऐतिहासिक बनाने के लिए वरिष्ठ अधिकारी पचमढ़ी पहुंच चुके हैं। पिछले एक सप्ताह से स्थानीय स्तर पर तैयारी की जा रही थी।
दोपहर 12 बजे पचमढ़ी रवाना होंगे सीएम
मुख्यमंत्री व उनकी पूरी टीम सुबह भोपाल से रवाना होगी। कैबिनेट की बैठक विशेष रूप से जनजातीय समाज और शौर्य पराक्रम के प्रतीक रहे राजा भभूत सिंह की स्मृति को समर्पित होगी। इनकी ऐतिहासिक भूमिका को कैबिनेट की बैठक के दौरान पुनः स्मरण किया जाएगा। पचमढ़ी गोंड शासक राजा भभूत सिंह के ऐतिहासिक योगदान को समेटे हुए है। उन्होंने इस पहाड़ी भूभाग का उपयोग शासन संचालन, सुरक्षा और सांस्कृतिक धरोहरों की रक्षा के लिए किया।
ये होंगे फैसले!
पंचमढ़ी में होने वाली आज की कैबिनेट में तहसीलदारों के कार्य विभाजन पर फैसला लिया जा सकता है। दरअसल, मोहन सरकार नायब तहसीलदार और तहसीलदारों के मजिस्ट्रेटीयल अधिकारों में कार्य विभाजन करने की तैयारी में है। वही मोहन कैबिनेट में भभूत सिंह की स्मृति में पचमढ़ी में प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव पर मुहर लागई जा सकती है। इसके अलावा राजा भभूत सिंह के नाम पर नर्मदांचल क्षेत्र में किसी संस्थान का नाम रखने का भी प्रस्ताव लाया जा सकता है। साथ ही मोहन सरकार करीब कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।