रायपुर: महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विभाग के पिछले दो वर्षों के कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि इस अवधि में महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनका सकारात्मक असर जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है।
महतारी वंदन योजना को बताया परिवर्तनकारी पहल
मंत्री राजवाड़े ने महतारी वंदन योजना को राज्य की महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी योजना बताया। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में इस योजना के जरिए 69 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। यह योजना केवल वित्तीय सहयोग नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का माध्यम बनी है।
परिवार और समाज में मजबूत हुई महिलाओं की भूमिका
मंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और परिवार में उनकी भूमिका पहले से अधिक सशक्त हुई है। महिलाओं को सम्मान और निर्णय लेने की क्षमता मिलने से सामाजिक ढांचे में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
ई-केवाईसी के बाद बाकी महिलाओं को भी मिलेगा लाभ
उन्होंने जानकारी दी कि योजना से वंचित रह गई पात्र महिलाओं को ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद लाभ दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।
दुर्गम इलाकों तक पहुंची योजना की लाभ राशि
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि बस्तर संभाग के नियद नेल्लानार जैसे दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी महतारी वंदन योजना का प्रभाव दिख रहा है। इन इलाकों में 7,000 से अधिक महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाया जा चुका है, जो योजना की व्यापक पहुंच को दर्शाता है।