Mandsaur Drugs Factory Raid : मंदसौर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम सुरजना में शनिवार देर शाम पुलिस ने दबिश देकर मौके से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स, क्रुड एमडी, केमिकल और उपकरण जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
12 करोड़ का नशा जब्त
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने फैक्ट्री से करीब 12 किलो 610 ग्राम क्रुड एमडी, 102 ग्राम तैयार एमडी ड्रग्स और बड़ी मात्रा में नशा बनाने में उपयोग होने वाले केमिकल जब्त किए हैं। जब्त किए गए मादक पदार्थ और केमिकल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
जंगल में बनाया जा रहा था एमडी ड्रग्स
पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पूरे गांव की घेराबंदी कर कार्रवाई की। आरोपी चंबल नदी के किनारे जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से एमडी ड्रग्स बनाने का काम कर रहे थे। मौके से पुलिस ने दीपक सिगलीकर लोहार और सुमित सिगलीकर लोहार को गिरफ्तार किया है। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान आधा दर्जन से अधिक थानों का पुलिस बल गांव में तैनात रहा। पुलिस की कार्रवाई देर रात तक चलती रही। बाद में मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
पहले भी पकड़ी जा चुकी ड्रग्स फैक्ट्रियां
गौरतलब है कि गरोठ क्षेत्र राजस्थान सीमा से सटा हुआ है और इससे पहले भी इस इलाके में एमडी ड्रग्स की फैक्ट्रियां पकड़ी जा चुकी हैं। पूर्व में हिंगोरिया बड़ा और बोलिया के समीप गांवों में भी ऐसे अवैध कारखानों का खुलासा हुआ था। लगातार सामने आ रहे मामलों से मंदसौर का नाम ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ता जा रहा था, जिसके बाद पुलिस ने विशेष निगरानी बढ़ाई और इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की भी जांच कर रही है।
से सामग्री जप्त
102 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी
स्टील के घड़े में तीव्र गंध वाला केमिकल मिश्रण (क्रुड एमडी) 12 किलो 610 ग्राम
एमडी ड्रग्स बनाने में प्रयुक्त पारदर्शी तरल पदार्थ – 3 किलो 540 ग्राम
ड्रग्स निर्माण में उपयोगी सफेद केमिकल पाउडर – 680 ग्राम
गैस सिलेंडर, सेंट्रीफ्यूज मशीन, दुल्हा भट्टी, थाली, तार, लोहे का सरिया, मोबाइल फोन