भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 20 साल की इंजीनियरिंग छात्रा की मौत हो गई। छात्रा अपने दोस्त के साथ स्कूटी से जा रही थी। तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। जिसकी वजह से छात्रा की मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है। जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।
सुबह करीब 11:45 बजे के आस पास हुआ हादसा
हादसा कोलार थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह 12 बजे के आस पास हुआ। बताया जा रहा है कि छात्रा अपने दोस्त के साथ स्कूटी से कही जा रही थी। तभी दानिशकुंज रोड पर ट्रेक्टर ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। जिसकी वजह से गाड़ी में सवार दोनों युवक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हे मौके पर मौजूद लोग तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। जहां इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त फ़िलहाल खतरे से बाहर है।
सिर, कंधे, पीठ और मुंह पर आई थी गंभीर चोटें
पुलिस ने मृतक युवती की पहचान इंदौर निवासी छात्रा सुशांत द्विवेदी (20), पिता ऊषाकांत द्विवेदी के रूप में की है। जो की मैनिट में इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और संस्थान के गर्ल्स हॉस्टल में रह रही थी। बताया जा रहा है कि छात्रा के सिर, कंधे, पीठ और मुंह पर गंभीर चोटें आई थीं। जिसकी वजह से इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
फरार आरोपी की तलाश जारी
हादसे के बाद से आरोपी चालक जहां मौके से फरार है। तो वही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौप दिया है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाकर फरार चालक की तलाश की जा रही है।