Mahasamund News: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस का लकड़ी के अवैध कारोबार करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। इसी बीच महासमुंद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी NOC के मामले की जांच के दौरान अब एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। पुलिस को आरोपी मनीष अग्रवाल के मुड़पार स्थित मकान की तलाशी के दौरान घर से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई है।
पुलिस ने आरोपी के मकान से करीब 81 लाख रुपये की नकद राशि बरामद की है। बरामद रकम में 500 रुपये के नोटों के बंडल मिले हैं, जिनमें करीब 16,200 नोट शामिल हैं। पुलिस ने पूरी राशि को जब्त कर लिया है और आगे की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर आरोपी के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसका इस मामले से कितना संबंध है।
धारा 107 के तहत की गई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी NOC तैयार किए जाने से जुड़े मामले में की गई है। लाखों रुपये की नकदी बरामद होने के बाद पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है। साथ ही मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा BNSS की धारा 107 के तहत कुर्की की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
जांच अभी जारी
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस नकदी के स्रोत और फर्जी दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही अवैध लकड़ी परिवहन से जुड़े तथ्यों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय वन अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।