MP Congress : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हाल ही में हुई अहम बैठक के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में गतिविधियां तेज हो गई हैं। लंबे समय से लंबित संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर राहुल गांधी की नाराजगी के बाद अब प्रदेश कांग्रेस ने एक के बाद एक फैसले लेने शुरू कर दिए हैं।
8 जिला महासचिव नियुक्त
इसी क्रम में मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन ने 18 जिलों में संगठन महासचिवों की नियुक्ति की है, वहीं 14 प्रकोष्ठ अध्यक्षों के नामों की भी घोषणा की गई है। इसके साथ ही सागर, छिंदवाड़ा और मऊगंज जिलों की जिला कार्यकारिणी भी घोषित कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, इन नियुक्तियों में पार्टी के भीतर लंबे समय से असंतुष्ट चल रहे नेताओं को संगठन में समायोजित करने की कोशिश की गई है, ताकि संगठनात्मक संतुलन बनाया जा सके और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए पार्टी को मजबूत किया जा सके।
सागर में पचौरी को कमान
सागर जिले में पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके राजकुमार पचौरी को जिला संगठन महासचिव बनाया गया है। पचौरी दोबारा जिलाध्यक्ष बनने के प्रयास में थे और उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का समर्थक माना जाता है। उनकी नियुक्ति को संगठन के भीतर संतुलन साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
सिंगरौली में संकठा सिंह को जिम्मेदारी
वहीं सिंगरौली ग्रामीण में संकठा सिंह और सिंगरौली शहर में सुरेश कुमार दुबे को संगठन महासचिव नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों से स्थानीय स्तर पर पार्टी गतिविधियों को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आएगा और पार्टी आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेगी।