सतना : मध्य प्रदेश के सतना में एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दोनों के शव नीम के पेड़ पर लटके मिले। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना सतना जिले के मोरा गांव की है।
रात में अचानक गायब हो गई थी अंजलि
मिली जानकारी के अनुसार, छोटे पाल की पुत्री अंजली पाल बीती 29–30 मार्च की रात करीब 1:30 बजे घर से बिना किसी को बताए निकल गई थी. परिजनों को जब सुबह तक उसका कोई पता नहीं चला, तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक अंजली का कोई सुराग नहीं लगा। तभी 30 मार्च की रात करीब 9 बजे ग्रामीणों को उसरहा हार इलाके में एक नीम के पेड़ पर दो शव लटके हुए मिले। जब पास जाकर देखा तो शव अंजली पाल और रामभजन गोंड के थे, जो एक ही फांसी के फंदे के सहारे पेड़ से लटके हुए थे।
प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा मामला
घटना की सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था, जिसे उनके परिजन स्वीकार नहीं कर रहे थे। इस वजह से शायद दोनों ने यह कदम उठाया। फ़िलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।