छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। भारतीय किसान संघ और समृद्ध किसान संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान कवर्धा-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। किसानों ने सड़क किनारे तंबू लगाकर आंदोलन शुरू किया है और मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है।
ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे किसान, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
धरना स्थल पर किसान ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे और विरोध प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी। संभावित ट्रैक्टर रैली और बढ़ते आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
इन मांगों को लेकर आंदोलन
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि शक्कर कारखाने पर गन्ना किसानों का 30 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान बकाया है, जिसे तत्काल जारी किया जाए। इसके अलावा किसानों ने गन्ने पर निर्धारित प्रोत्साहन राशि का लाभ देने, जिले में खाद और यूरिया की कमी दूर करने तथा बुआई के लिए समय पर पर्याप्त मात्रा में उन्नत बीज उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना
किसानों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी सभी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। उनका कहना है कि सरकार और संबंधित विभाग किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करें, ताकि खेती-किसानी का काम प्रभावित न हो।