नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की निजी जिंदगी एक बार फिर सुर्खियों में है। जयपुर की मॉडल अदिति हुंडिया के साथ उनके रिश्ते को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच अब परिवार की ओर से सकारात्मक संकेत सामने आए हैं। पटना में दादा अनुराग पांडेय ने मीडिया से बातचीत में इस रिश्ते को लेकर खुलकर बात की, जिससे सगाई की चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
दादा बोले-ईशान की खुशी सबसे ऊपर
अनुराग पांडेय ने कहा कि परिवार खुले विचारों वाला है और ईशान जिसे पसंद करेंगे, परिवार उसे सहर्ष स्वीकार करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि बड़े भाई की लव मैरिज को भी परिवार ने खुशी-खुशी मंजूरी दी थी। ऐसे में अब ईशान और अदिति के रिश्ते को भी परिवार की हरी झंडी मिल चुकी मानी जा रही है।
कौन हैं अदिति हुंडिया:
अदिति राजस्थान के जयपुर की रहने वाली हैं और मॉडलिंग जगत में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। फेमिना मिस इंडिया 2017 की फाइनलिस्ट रहीं। मिस सुपरनैशनल इंडिया 2018 का खिताब जीता, सोशल मीडिया और ग्लैमर इवेंट्स में सक्रिय उपस्थिति रहे, उन्हें कई मौकों पर आईपीएल मैचों के दौरान स्टैंड्स में ईशान और उनकी टीम को सपोर्ट करते हुए भी देखा गया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई चर्चा:
दोनों को अक्सर एक-दूसरे की पोस्ट पर कमेंट करते देखा गया है। दादा ने एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि जब अदिति ने ईशान की तस्वीर पोस्ट की थी और उनसे सवाल किया गया, तो ईशान मुस्कुराकर चुप रह गए थे। अब परिवार की सार्वजनिक प्रतिक्रिया के बाद माना जा रहा है कि रिश्ता आधिकारिक रूप ले सकता है।
17 फरवरी को बड़ा ऐलान:
सोशल मीडिया पर 17 फरवरी के आसपास किसी पारिवारिक आयोजन की चर्चा है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल ईशान अपने क्रिकेट करियर और आगामी टूर्नामेंट्स पर ध्यान दे रहे हैं, लेकिन फैंस को जल्द खुशखबरी मिलने की उम्मीद है।