NCB BREAKING : भारतीय नौसेना और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने एक साथ संयुक्त अभियान चला कोच्चि में समुद्र तट से एक ईरानी नाव से200 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप जब्त की है। हेरोइन जब्ती के साथ-साथ एनसीबी ने नाव पर सवार चालक दल के छह सदस्यों को भी हिरासत में ले लिया है।
जांच एजेंसी हेरोइन को जब्त कर उसकी जांच में जुटी हुई है। कोच्चि समुद्र तट ड्रग्स तस्करी का एक प्रमुख जरिया रहा है। पहले भी यहां कई बार भारी मात्रा में ड्रग्स और हेरोइन की बरामदगी हो चुकी है। यही वजह है कि एनसीबी और भारतीय नौसेना की टीम यहां हमेशा मुस्तैद रहती है।
2 हफ्ते पहले ही गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते ने भी बुधवार को भारतीय तटरक्षक बल के साथ एक संयुक्त अभियान के दौरान राज्य के तट पर अरब सागर में एक मछली पकड़ने वाली पाकिस्तानी नौका से 200 करोड़ रुपये मूल्य की 40 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। उन्होंने कहा कि नाव पर सवार चालक दल के छह पाकिस्तानी सदस्यों और दिल्ली के रहने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली के रहने वाले इन दोनों लोगों को यह खेप प्राप्त करनी थी। गुजरात के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आशीष भाटिया ने कहा कि इस मादक द्रव्य की तस्करी दो तस्करों द्वारा संचालित एक गिरोह कर रहा था। इनमें से एक तस्कर नाईजीरियाई नागरिक है। दोनों फिलहाल पंजाब की जेलों में बंद है। गिरफ्तार किए गए दो भारतीयों की पहचान सरताज मलिक और जग्गी सिंह उर्फ वीरपाल सिंह के तौर पर हुई है।