अनूपपुर : मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में पति के हैवानियत का खौफनाक मंजर देखने को मिला। जहां पत्नी के बार बार मायके जाने से परेशान पति ने पत्नी की बांस के डंडे से पीटपीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं घटना को छुपाने के लिए आरोपी ने खून के धब्बों पर गोबर से पोटाई कर दी। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शराब के नशे में पति ने उठाया कदम
घटना बुधवार रात की है। जहां शराब के नशे में पति ने इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पत्नी के बार-बार मायके जाने को लेकर पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी के चलते बुधवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी पति ने पत्नी चंदा पर बांस के डंडे से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
गुरुवार सुबह लगी घटना की जानकारी
परिजनों को घटना की जानकारी गुरुवार सुबह लगी। जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई जारी है। घटना अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खमरोध के टिकई टोला की है।
5 साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 23 वर्षीय चंदा देवी कोल के रूप में हुई है। उसका विवाह सुदामा अगरिया (26) से हुआ था। दोनों के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र लगभग ढाई वर्ष और डेढ़ वर्ष बताई गई है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि सुदामा और चंदा के बीच प्रेम संबंध के बाद पांच वर्ष पहले विवाह हुआ था। चंदा के बार-बार मायके चले जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।