Agar Malwa News: शहर के खिरनी तकिया क्षेत्र की तंग गलियों में मौत का सामान तैयार किया जा रहा था। पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने एक मकान में दबिश देकर अवैध रूप से संचालित चांदी रिफाइनरी का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के खतरनाक केमिकल और संसाधन जब्त किए गए हैं। जहरीले धुएं से परेशान मोहल्लेवासियों की शिकायत पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है।
तंग गली में 'गैस चैंबर' जैसा मंजर
खिरनी तकिया क्षेत्र के एक रिहायशी मकान के भीतर यह फैक्ट्री बिना किसी अनुमति के चल रही थी। स्थानीय रहवासी लंबे समय से यहां से निकलने वाली जहरीली गैसों और धुएं से परेशान थे। लोगों का दम घुट रहा था, जिसके बाद उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई। कोतवाली पुलिस और नगर पालिका की टीम जब मौके पर पहुंची, तो वहां भारी मात्रा में एसिड और अन्य रसायनिक पदार्थ मिले। जब्त किए गए उपकरणों और केमिकल की कुल कीमत 20 लाख रुपये आंकी गई है।
बिना फायर सेफ्टी के बड़ा खतरा
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि फैक्ट्री में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। रिहायशी इलाका होने के कारण किसी भी बड़ी दुर्घटना की स्थिति में यहाँ भारी जनहानि हो सकती थी। फैक्ट्री के पास न तो कोई वैध लाइसेंस था और न ही पर्यावरण विभाग की अनुमति।
दो आरोपी गिरफ्तार
मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए है। जिसमें मोहम्मद आबिद (30 वर्ष) और मोजुद्दीन (50 वर्ष) है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 272 और 289 के अलावा विष अधिनियम, फैक्ट्री अधिनियम और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस अवैध धंधे के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हुए हैं।