भोपाल : मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहू खरीदी के लिए सरकार ने स्लॉट बुकिंग की तारीख आगे बढ़ा दी है। पहले स्लॉट बुकिंग 24 अप्रैल तक होनी थी। लेकिन किसानों को राहत देते हुए सरकार ने तारीख को आगे बढाकर 30 अप्रैल कर दी है। सरकार के इस फैसले से उन किसानों को राहत मिलेगी, जो अब तक अपनी उपज बेचने के लिए स्लॉट बुक नहीं करा पाए थे।
स्लॉट बुकिंग की तारीख 6 दिन बढ़ाई गई
स्लॉट बुकिंग की तारीख में 6 दिन की हुई बढ़ोतरी को लेकर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि इस फैसले से अधिक से अधिक किसानों को अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा। साथ ही किसानों को लंबी कतारों से बचाने और तौल की प्रक्रिया को तेज करने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है।
स्लॉट-बुकिंग की क्षमता बढ़ाकर 1,500 क्विंटल की
अभी तक हर खरीद केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए रोजाना स्लॉट-बुकिंग की क्षमता 1,000 क्विंटल थी। जिसे आगे बढ़ाकर 1,500 क्विंटल कर दी गई है. इससे यह पक्का होगा कि तौल का काम केंद्रों की क्षमता के हिसाब से ही हो, जिससे किसानों के लिए अपनी उपज बेचना आसान हो जाएगा।
2625 रुपए प्रति क्विंटल मिल रही राशि
बता दें कि सरकार द्वारा गेहू खरीदी के लिए इस साल किसानों को 2585 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य के साथ 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है। इस हिसाब से किसानों को 2625 रुपए प्रति क्विंटल राशि का भुगतान किया जा रहा है।