Hemant Khandelwal : मध्य प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। बैतूल से विधायक हेमंत खंडेलवाल अब पार्टी की कमान संभालेंगे। उनके नाम की आधिकारिक घोषणा केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने की। इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हेमंत खंडेलवाल को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
दरअसल, मंगलवार को हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। मुख्यमंत्री मोहन यादव खुद उनके प्रस्तावक बने और उनका फॉर्म जमा करवाया। चूंकि किसी अन्य दावेदार ने नामांकन दाखिल नहीं किया, इसलिए हेमंत खंडेलवाल का निर्विरोध चुना जाना पहले ही तय माना जा रहा था। बुधवार को औपचारिक घोषणा के साथ यह प्रक्रिया पूरी हो गई।
एक्शन में खंडेलवाल
केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद प्रधान ने हेमंत खंडेलवाल को भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने की औपचारिक घोषणा के बाद नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल एक्शन मूड में नजर आए। खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बीजेपी पार्टी मेरे रग रग में है, मैं कार्यकर्ताओं को कहना चाहूंगा कि आपके सम्मान में थोड़ी भी कमी नहीं होगी। हर कार्यकर्ता जिसमें क्षमता है, उसे उसकी क्षमता के अनुसार काम मिलेगा। जिसमें लगन है उसका पार्टी उपयोग करेगी, लेकिन जो पार्टी से दायं वायं होगा, तो उसे दिक्कत आएगी।
कौन है हेमंत खंडेलवाल?
हेमंत खंडेलवाल को राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता विजय खंडेलवाल भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे हैं और बैतूल से सांसद भी रह चुके हैं। पिता के निधन के बाद 2008 में हेमंत खंडेलवाल सक्रिय राजनीति में आए और उपचुनाव जीतकर सांसद बने। अब पार्टी ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। हेमंत खंडेलवाल का जन्म 3 सितंबर 1964 को उत्तर प्रदेश के मथुरा में हुआ था। पेशे से किसान और उद्योगपति होने के साथ वे लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहे हैं। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।
बता दें कि है कि हेमंत खंडेलवाल ने वीडी शर्मा की जगह ली है, जो वर्ष 2020 से मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष थे। इस बदलाव के साथ ही प्रदेश में पार्टी नेतृत्व चंबल अंचल से मध्य भारत के बैतूल क्षेत्र में आ गया है। पार्टी को उम्मीद है कि हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में संगठन और मजबूत होगा।