इंदौर। H1N1 इन्फ्लुएंजा के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए देखते हुए इंदौर स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने खांसी, जुकाम और बुखार जैसे लक्षण दिखाई देने पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का उपयोग करने
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक लक्षण वाले लोगों को संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना चाहिए। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का उपयोग करने और नियमित रूप से हाथों की सफाई रखने पर भी जोर दिया गया है।
दो पॉजिटिव मरीज सामने आए
जानकारी के अनुसार इसी महीने इंदौर में स्वाइन फ्लू के दो पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इनमें दोनों मरीज इंदौर के निवासी नहीं थे और उपचार के लिए शहर पहुंचे थे। वहीं उज्जैन निवासी एक मरीज की इंदौर में इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि संक्रमण से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखें और लक्षण नजर आने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लें। विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।