भोपाल। मप्र कैबिनेट ने ग्वालियर व्यापार मेले में बिक्री पर 50 फीसदी विक्रय कर में छूट देने के निर्णय को मंजूरी दे दी। इस मेले में प्रति वर्ष करीब 500 करोड़ रुपए का व्यापार होता है। उप्र व राजस्थान से वाहन खरीदने वाले लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। सेंट्रल इंडिया का यह सबसे बड़ा वाहन मेला माना जाता है।इस छूट का फायदा स्थानीय व अन्य लोग भी ले सकेंगे। कैबिनेट की बैठक बुधवार को जबलपुर स्थित शक्ति भवन में आयोजित हुई। बैठक में शामिल होने के लिए सभी मंत्री व वरिष्ठ अधिकारी जबलपुर पहुंचे थे। कैबिनेट में लिए गए निर्णयों के बारे में वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पत्रकारों को बताया कि ग्वालियर व्यापार मेले में खरीदारी करने वाले लोगों को सरकार विक्रय कर में 50 फीसदी की छूट देती है। इस वर्ष भी छूट देने का निर्णय कैबिनेट ने लिया है। उन्होंने बताया कि मप्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद यह तीसरी कैबिनेट की बैठक है।
सरकार ने इस निर्णय पर मुहर लगा दी
विजयवर्गीय ने बताया कि कैबिनेट ने रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस योजना में श्रीअन्न (मिलेट्स) उत्पादन करने वाले किसानों को प्रति किलो 10 रुपए सरकार प्रोत्साहन राशि देगी। यह राशि सीधे उनके खाते में ट्रांसफर की जाएगी। इसका उद्देश्य श्रीअन्न यानी मोटे अनाज के प्रति लोगों की रूचि बढ़ाना और उसको उत्पादन करने वाले पिछड़े लोगों को लाभ पहुंचाना है। भाजपा के संकल्प-2023 में तेंदूपत्ता तोड़ने वाले आदिवासी भाइयों के लिए प्रतिमानक बोरा चार हजार करने का संकल्प लिया था। सरकार ने इस निर्णय पर मुहर लगा दी है।
साढ़े चार हजार करोड़ की बनेंगी सड़कें व 32 हजार करोड़ की सिंचाई परियोजनाएं: कैबिनेट में प्रदेश में सड़कों का नेटवर्क बढ़ाने का निर्णय भी लिया गया है। इसके लिए साढ़े चार हजार करोड़ रुपए के बजट को स्वीकृति दी गई। यह सड़कें केंद्र सरकार के सहयोग से बनाई जाएंगी। अभी प्रदेश में पांच लाख 11 हजार किमी सड़कों का जाल है। कैबिनेट ने प्रदेश में 32 हजार करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। विजयवर्गीय ने बताया कि सरकार का उद्देश्य सिंचाई का रकबा 45 हजार हेक्टेयर से 63 लाख हेक्टेयर ले जाने का है।
अगली कैबिनेट उज्ज्ौन में होगी: -विजयवर्गीय ने बताया कि हर संभाग में कैबिनेट बैठक होगी। डॉ. मोहन यादव सरकार की अगली कैबिनेट बैठक 14 जनवरी मकर संक्रांति को उज्जैन में होने वाली है। कैबिनेट बैठक में अनौपचारिक चर्चा में विकसित भारत संकल्प यात्रा के रथ की प्रोग्रोस रिपोर्ट पर भी चर्चा की गई। अब तक 40 फीसदी यात्रा प्रदेश में पूरी हो गई है। इसमें हितग्राहियों को केंद्र सरकार की योजनाओं के फॉर्म भरवाकर उनका हक दिलाने का काम किया जा रहा है।
409 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात: कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर में संभाग की समीक्षा बैठक की। भंवरताल पार्क में रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही एक सभा को संबोधित किया। वहीं, सीएम ने 409 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकापर्ण और भूमिपूजन किया।
दोनों रानियों के जीवन पर आधारित पाठ्यक्रम शुरू होगा, फेलोशिप भी मिलेगी
विजयवर्गीय ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रानी दुर्गावती व रानी अवंतिका बाई लोधी के साहस व वीरता को आदर्श मानकर उनके नाम से प्रति वर्ष पुरस्कार देने का निर्णय लिया है। यह पुरस्कार ऐसी महिलाओं को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करके समाज को एक नई दिशा देने का काम किया है। दोनों महान रानियों के जीवन पर आधारित फिल्में भी बनाकर दिखाई जाएंगी। विश्वविद्यालय में फेलोशिप की शुरूआत भी की जाएगी। दोनों रानियों के जीवन पर आधारित पाठ्यक्रम को यूनिवर्सिटी और कॉलेज में शामिल किया जाएगा। उन पर अध्ययन करने के लिए विद्यार्थियों को फेलोशिप दी जाएगी।