भोपाल। नर्सिंग छात्रों से जुडी बड़ी खबर सामने आई है। हाई कोर्ट के द्वारा नर्सिंग कॉलेजों को मान्यता देने की प्रक्रिया पर लगी रोक हटा दी गई है। अब नए सत्र यानी कि 2024-25 के नर्सिंग कॉलेजों को मान्यता मिल सकेगी। इसके एडमिशन के लिए प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की जाएगी।
आपको बता दें कि इस निर्णय से उन स्टूडेंट्स को लाभ मिलेगा जो मेडिकल के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते है। अब छात्र नर्सिंग पाठ्यक्रमों के दाखिला ले सकेंगे जिससे नर्सिंग के इच्छुक छात्रों को बड़े स्टार पर फायदा मिलेगा और स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली को सुदृढ़ करने का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही प्रदेश के सरकारी और निजी दोनों नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन नर्सिंग काउंसिल द्वारा किया जाएगा। जिससे प्रवेश परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।
इसको लेकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि यह निर्णय राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नियमित जांच से नर्सिंग छात्रों को उच्च मानकों की शिक्षा का प्रदाय सुनिश्चित होगा। राज्य सरकार नर्सिंग छात्रों के हितों की रक्षा करने और उनके उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि मध्यप्रदेश को स्वास्थ्य मानकों के क्षेत्र में शीर्ष राज्य बनाया जाए। चिकित्सा सेवाओं की प्रणाली को मजबूत करके हम राज्य के स्वास्थ्य मानकों में सुधार करेंगे और इसे एक उत्कृष्ट उदाहरण बनायेंगे।