रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का केंद्र बनने जा रहा है। छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में अक्टूबर महीने में भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे की महिला टीम के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। यह पहली बार होगा जब जिम्बाब्वे की महिला टीम भारत दौरे पर आएगी और इस ऐतिहासिक सीरीज की शुरुआत रायपुर से होगी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (Board of Control for Cricket in India) ने भारत-जिम्बाब्वे महिला टीमों के बीच होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। टी20 सीरीज की शुरुआत 16 अक्टूबर को रायपुर में होगी, जबकि वनडे सीरीज का पहला मैच 23 अक्टूबर को बड़ौदा में खेला जाएगा।
पहली बार रायपुर में महिला इंटरनेशनल मैच
यह रायपुर के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा क्योंकि पहली बार यहां भारतीय महिला क्रिकेट टीम कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेगी। साथ ही यह भी पहली बार होगा जब भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमें किसी द्विपक्षीय सीरीज में आमने-सामने होंगी। इससे पहले दोनों टीमों की भिड़ंत सिर्फ आईसीसी टूर्नामेंट या क्वालिफायर मैचों में ही देखने को मिली है।
इस सीरीज को आगामी बड़े टूर्नामेंट्स की तैयारी के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। वर्ष 2027 में श्रीलंका में महिला टी20 चैंपियंस ट्रॉफी प्रस्तावित है, जिसके लिए भारतीय टीम को अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका देने की योजना पर काम किया जा रहा है।
खिलाड़ियों को मिलेगा तैयारी का बेहतर मौका
बीसीसीआई लगातार महिला क्रिकेट को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। इसी रणनीति के तहत अधिक द्विपक्षीय सीरीज आयोजित की जा रही हैं ताकि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा अनुभव मिल सके। जिम्बाब्वे के खिलाफ यह सीरीज भारतीय टीम के लिए संयोजन और प्रदर्शन परखने का अच्छा अवसर होगी।
जून में होगा सीसीपीएल का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से पहले रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए घरेलू स्तर पर भी बड़ा आयोजन होने जा रहा है। जून महीने में छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) का आयोजन किया जाएगा। इस टूर्नामेंट को आईपीएल की तर्ज पर आयोजित किया जाता है, जिसमें राज्य की कई टीमें हिस्सा लेती हैं।
टी20 फॉर्मेट पर आधारित इस लीग में स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, वहीं दर्शकों को भी रोमांचक मुकाबलों का आनंद मिलेगा। पिछले दो वर्षों से यह लीग लगातार सफलतापूर्वक आयोजित हो रही है और इस बार भी बड़े स्तर पर आयोजन की तैयारी है।
रायपुर बन रहा इंटरनेशनल क्रिकेट का नया केंद्र
शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम के बीसीसीआई के नियंत्रण में आने के बाद रायपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पहले जहां केवल पुरुष क्रिकेट के कुछ मुकाबले आयोजित होते थे, वहीं अब महिला क्रिकेट और अन्य फॉर्मेट के मैच भी यहां कराए जा रहे हैं।
बीसीसीआई की रोटेशन पॉलिसी के तहत अब रायपुर को नियमित रूप से वनडे, टी20, टेस्ट और आईपीएल मैचों की मेजबानी मिलने की संभावना है। इससे न सिर्फ राज्य में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों और दर्शकों को भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सीधा अनुभव मिलेगा।