Sridevi Biography Empress: भारतीय सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी की जिंदगी और उनके शानदार फिल्मी सफर को अब किताब के जरिए करीब से जानने का मौका मिलेगा। श्रीदेवी की बायोग्राफी 'एम्प्रेस: द डेफिनिटिव बायोग्राफी ऑफ श्रीदेवी' जल्द लॉन्च होने वाली है। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने श्रीदेवी की बर्थ एनिवर्सरी पर सोशल मीडिया के जरिए किताब के कवर की पहली झलक साझा की है।
प्रियंका चोपड़ा ने शेयर किया किताब का कवर
13 अगस्त को श्रीदेवी की बर्थ एनिवर्सरी के मौके पर प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनकी बायोग्राफी का कवर शेयर किया। किताब का नाम 'Empress: The Definitive Biography of Sridevi' है। कवर पर महानायक अमिताभ बच्चन की ओर से श्रीदेवी की प्रतिभा को लेकर कही गई बात भी दिखाई देती है। इस किताब को अभिनेता, निर्देशक और निर्माता धीरज कुमार ने लिखा है। श्रीदेवी को याद करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने कहा कि श्रीदेवी जैसी कोई नहीं थी और उनकी बहुत याद आती है। प्रियंका ने उन्हें स्वर्ग में जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। प्रियंका की इस पोस्ट को श्रीदेवी के पति और फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने भी अपनी सोशल मीडिया स्टोरी पर शेयर किया।
2023 में सामने आई थी बायोग्राफी की घोषणा
श्रीदेवी की आधिकारिक बायोग्राफी को लेकर प्रकाशक वेस्टलैंड बुक्स ने 2023 में घोषणा की थी। उस समय किताब का शीर्षक 'Sridevi: The Life of a Legend' बताया गया था। इसे भी लेखक धीरज कुमार के नाम से जोड़ा गया था। बताया गया था कि किताब में श्रीदेवी के लंबे फिल्मी करियर के साथ उनकी निजी जिंदगी, व्यक्तित्व और सिनेमा के सफर के कई अनदेखे पहलुओं को दर्ज किया जाएगा। श्रीदेवी के परिवार के बेहद करीब रहे धीरज कुमार को उनकी कहानी लिखने की जिम्मेदारी दिए जाने पर बोनी कपूर ने भी खुशी जताई थी।
हिंदी सिनेमा की 'एम्प्रेस' थीं श्रीदेवी
श्रीदेवी ने अपने शानदार करियर में कई ऐसी फिल्में दीं, जिन्हें आज भी भारतीय सिनेमा की यादगार फिल्मों में गिना जाता है। 'हिम्मतवाला', 'मिस्टर इंडिया' और 'चांदनी' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय ने उन्हें देश की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल किया। श्रीदेवी ने दक्षिण भारतीय फिल्मों से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और आगे चलकर हिंदी सिनेमा में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी अदाकारी, डांस और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें अपने दौर की सबसे प्रभावशाली अभिनेत्रियों में शामिल किया।
श्रीदेवी के निधन ने मचा दिया था शोक
श्रीदेवी का 24 फरवरी 2018 को दुबई में निधन हो गया था। वह एक पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए दुबई गई थीं। उनके अचानक निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ देशभर में उनके प्रशंसकों को गहरा सदमा लगा था। आज भी श्रीदेवी की फिल्में और उनका अभिनय सिनेमा प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। अब 'एम्प्रेस' के जरिए उनके जीवन और फिल्मी सफर से जुड़े कई पहलुओं को नए सिरे से जानने का मौका मिलने की उम्मीद है।