खंडवा : मध्य प्रदेश में नकली घी का कारोबार बढ़ता जा रहा है। आये दिन खाद विभग की टीम विभिन जगहों में छापेमार कार्यवाही कर माल को जब्त कर रही है। इसी कड़ी में आज प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए एक कसाई के बाड़े से बड़ी मात्रा में जानवरों की चर्बी, चमड़ा और हड्डी बरामद की। जिसका इस्तेमाल नकली घी बनाने में किया जा रहा है। हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन टीम ने सैंपल को जांच के लिए भेज दिया है। आगे की कार्यवाही जारी है।
अनवर कुरैशी के मकान पर छापेमार कार्रवाही
दरअसल, आज प्रशासन ने खण्डवा के मोघट थाना क्षेत्र अंतर्गत आनेवाले इमलीपुरा में बेगम पार्क से सटे अनवर कुरैशी के मकान पर छापेमार कार्रवाही की। जहां मौके पर उन्हें जानवरों की चर्बी मिलाकर तैयार किया गया करीब 3,350 लीटर घी बरामद हुआ। यह घी 69 टीन के डिब्बों और 9 नीले ड्रमों में भरा था। इतना ही नहीं मौके पर जानवरों की चर्बी, खाल, हड्डी भी बरामद किये गए है।
रहवासियों ने शिकायत पर की कार्रवाही
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि स्थानीय रहवासियों ने शिकायत की थी कि उनके क्षेत्र में दुर्गंध से बड़े परेशान है और जीना मुश्किल हो गया है. लोगों ने आशंका जताई थी कि यहां जानवरों की हड्डी, चमड़ा और चर्बी इकट्ठा की जाती है इसी आधार पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया
फ़िलहाल पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ जारी है। इस कार्यवाही के दौरान एस डी एम बजरंग बहादुर, सी एस पी अभिनव बारंगे, सहित नगर निगम के अधिकारी सहित खाद्य विभाग,पशु चिकित्सक पुलिस बल भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि यह अवैध फैक्ट्री का संचालन साल 2015 से हो रहा था।
पशुओं की चर्बी, खाल, हड्डी हुए बरामद
कार्रवाई में जैसे-जैसे कमरे खुलते गए वैसे-वैसे पता चल रहा था कि यहां बड़े स्तर पर पशुओं की चर्बी, खाल, हड्डी से सम्बंधित कोई बड़ा काम चल रहा है। प्राथमिक जांच के अनुसार आरोपी जानवरों की चर्बी से घी बनाकर मार्केट में सप्लाई करने का काम करता है। फ़िलहाल पुलिस ने माल को जब्त कर लिया है और कारखाने को सील कर आरोपी अनवर कुरैशी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।