बीजापुर/पखांजूर: बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र से नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां घने जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ जारी है। अब तक की जानकारी के अनुसार, इस मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है, जिसके पास से हथियार और शव बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई नक्सलियों के खिलाफ चल रहे व्यापक संयुक्त अभियान का हिस्सा है। सुरक्षा बल जंगलों में गहन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, और इलाके में भारी संख्या में जवानों की तैनाती की गई है। फिलहाल मुठभेड़ की स्थिति नियंत्रण में नहीं आई है और ऑपरेशन अभी भी जारी है।
पखांजूर में बड़ी सफलता: हथियारों के साथ दो नक्सली गिरफ्तार
इधर, कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने एक और बड़ी सफलता दर्ज की है। बीएसएफ की 47वीं और 40वीं बटालियन ने संयुक्त अभियान चलाकर कांकेर-नारायणपुर सीमा से सटे मीनड़ी के जंगलों से दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए नक्सलियों की पहचान लखमू पददा और सुकमी पददा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से चार भरमार बंदूकें, आईईडी बनाने का सामान, नक्सली वर्दियां और बड़ी मात्रा में दवाइयां बरामद की गई हैं।