भोपाल। दशहरा पर्व और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर तैयारियां जहां लगभग पूरी कर ली गई है। तो वही कल शहर में ट्रैफिक डाइवर्ट रहेगा। साथ ही सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी शहर में तैनात रहेंगे। इसके साथ ही 7 घाटों पर विसर्जन के लिए खास इंतजाम किये गए है। ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के रखी जाएगी नजर
मां दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन में सिर्फ एक दिन शेष है। ऐसे में घाटों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जाएगी। प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए हाइड्रोलिक मशीनों और क्रेन का इस्तेमाल किया जाएगा।
सुरक्षा में तैनात रहेंगे गोताखोर और पुलिस
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके अलावा गोताखोरों, नावों और फायर ब्रिगेड के अमले को भी तैनात रखा जाएगा। प्रशासन की ओर से घाटों पर रोशनी, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी। विसर्जन का कार्य पूरा होने तक व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकें।
इन 7 घाटों पर प्रशासन ने शुरू की तैयारी
जानकारी के अनुसार, बैरागढ़, प्रेमपुरा, रानी कमलापति और खटलापुरा घाट सहित शाहपुरा, मालीखेड़ी और हथाईखेड़ा घाट पर विसर्जन की खास व्यवस्था की गई है। ताकि श्रद्धालु आराम से विसर्जन कर सके।