भोपाल: बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा कल देशभर में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। जिसको लेकर तैयारियां जहां जारी है। तो वही दूसरी तरफ पर्व को देखते हुए राजधानी भोपाल में कल यानि की 20 अक्टूबर को ट्रैफिक डाइवर्ट रहेगा। साथ ही शहर में निकलने वाले शोभायात्राओं और पथ संचलन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान तैयार किया है। साथ ही लोगों से वैकल्पिक मार्गों के इस्तेमाल करने की अपील की है।
2 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित
पुलिस के मुताबिक, दोपहर 2 बजे से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, शाम 5 बजे के बाद जरूरत के अनुसार अलग-अलग इलाकों में ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
18 जगहों पर होगा रावण दहन
शहर के 18 प्रमुख दशहरा मैदानों में रावण दहन होगा। इस दौरान कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। इसके अलावा करीब 50 से 60 स्थानों पर श्री रामविजय रथ यात्रा और अन्य चल समारोह निकलेंगे।
इन प्रमुख स्थानों से भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद
- खजूरी बायपास
- मुबारकपुर चौराहा
- नया बायपास लांबाखेड़ा
- चौपड़ाकला बायपास
- पटेलनगर व भानपुर
- बेस्टप्राइज व करोंद चौराहा
- लालघाटी व प्रभात पेट्रोल पंप चौराहा
- सुभाष नगर फाटक व जिन्सी चौराहा
- हबीबगंज नाका, सूरज नगर और मिसरोद 11 मील
छोला मैदान जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते
भानपुर चौराहे से छोला दशहरा मैदान की ओर केवल उन्हीं हल्के और दोपहिया वाहनों को जाने की अनुमति होगी, जिन्हें रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होना है।
नादरा बस स्टैंड और डीआईजी बंगले की ओर जाने वाले वाहन बेस्टप्राइज तिराहा, कृषि उपज मंडी, जेपी नगर तिराहा, डीआईजी बंगला चौराहा या गणेश मंदिर छोला अंडरब्रिज के रास्ते जा सकेंगे।
विदिशा और बैरसिया की ओर से आने वाली नादरा बस स्टैंड और पुतलीघर बस स्टैंड जाने वाली बसें भानपुर चौराहे या बेस्टप्राइज तिराहे तक ही आ सकेंगी। शाम 6 बजे के बाद इन बसों को दोनों बस स्टैंड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
रथ यात्रा के दौरान इन रास्तों पर रहेगी रोक
श्री रामविजय रथ यात्रा बांके बिहारी मंदिर, मारवाड़ी रोड से शुरू होकर चिंतामन चौराहा, यूनानी सफाखाना, सुल्तानिया रोड, चौकी चौक, घोड़ा नक्कास, छोटे भैया चौराहा और नादरा बस स्टैंड होते हुए छोला दशहरा मैदान पहुंचेगी।
रथ यात्रा के नादरा बस स्टैंड पहुंचने पर भोपाल टॉकीज चौराहा और अल्पना तिराहे से नादरा की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। रथ यात्रा के छोला रोड में प्रवेश करने पर छोला दशहरा मैदान जाने वाले वाहन काजी कैंप, डीआईजी बंगला, जेपी नगर तिराहा, कृषि उपज मंडी के सामने और बेस्टप्राइज होते हुए पहुंच सकेंगे।
भेल दशहरा मैदान जाने वालों के लिए भी बदले रास्ते
भेल दशहरा मैदान में रावण दहन के दौरान चेतक ब्रिज, अन्ना नगर, करियर कॉलेज, बीएचईएल गेट नंबर-6, सिक्योरिटी लाइन तिराहा और हेमा स्कूल के आसपास यातायात का दबाव रहेगा।
एमपी नगर और चेतक ब्रिज से अवधपुरी जाने वाले वाहन अन्ना नगर से दाएं मुड़कर हबीबगंज मस्जिद तिराहा पहुंच सकते हैं। यहां से बाएं मुड़कर जवाहरलाल नेहरू गुलाब उद्यान होते हुए बीएचईएल और अवधपुरी की ओर जा सकेंगे।
सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक पथ संचलन का असर
दशहरा पर्व पर शहर में करीब 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन निकाले जाएंगे। पुराने शहर के अशोका गार्डन, छोला, शाहजहांनाबाद, कोतवाली, तलैया, बुधवारा, मंगलवारा और हनुमानगंज क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है।