रायपुर। CG Crime: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से जुड़ा एक चौंकाने वाला ठगी का मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा के एक डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि एक कथित तांत्रिक ने उनके छोटे भाई की मौत का रहस्य बताने और तंत्र-मंत्र के जरिए उसे वापस लाने का झांसा देकर करीब 35 लाख रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के आधार पर खम्हारडीह थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाई की संदिग्ध मौत के बाद शुरू हुआ संपर्क
शिकायतकर्ता डॉ. ऋषभ चौबे के अनुसार, उनके छोटे भाई दिव्यदेव चौबे की 11 अगस्त 2024 को इंदौर में कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया, जिससे पूरा परिवार मानसिक तनाव में था और घटना की सच्चाई जानना चाहता था। इसी दौरान परिचितों के माध्यम से उनकी मुलाकात कथित तांत्रिक नरेंद्र नयन शास्त्री से हुई, जिसने दावा किया कि विशेष साधना और अनुष्ठान के जरिए वह मौत का रहस्य उजागर कर सकता है।
नई SUV दिलाने पर भाई को वापस लाने का दावा
डॉक्टर का आरोप है कि मई 2025 में कथित बाबा अपने दो शिष्यों के साथ नोएडा पहुंचा और कहा कि विशेष पूजा तभी सफल होगी, जब उसे नई महिंद्रा XUV700 उपलब्ध कराई जाए। आरोप है कि उसके दबाव में रायपुर से करीब 25.10 लाख रुपये की SUV खरीदी गई। वाहन मिलने के बाद आरोपी ने परिवार को इंदौर में विशेष पूजा के लिए बुलाया, लेकिन खुद वहां नहीं पहुंचा और अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।
तंत्र-मंत्र और प्रेतबाधा का डर दिखाया
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी लगातार परिवार को प्रेतबाधा, आत्मा भटकने और बड़े अनिष्ट का डर दिखाता रहा। उसने यह भी दावा किया कि यदि तय समय सीमा से पहले विशेष अनुष्ठान नहीं कराया गया तो परिवार पर गंभीर संकट आ सकता है। इसके अलावा आरोपी ने डॉक्टर के कारोबार को लेकर भी नकारात्मक भविष्यवाणी की, जिससे उनके व्यावसायिक संबंध प्रभावित हुए और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
पूजा-पाठ और यात्रा के नाम पर लाखों खर्च
डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि कथित बाबा ने अलग-अलग शहरों में पूजा कराने के नाम पर उन्हें कई बार बुलाया। इस दौरान हवाई यात्रा, होटल, वाहन और अन्य व्यवस्थाओं पर करीब 10 लाख रुपये खर्च हुए। इतना ही नहीं, प्रत्येक मुलाकात में विशेष पूजा और अनुष्ठान के नाम पर 51-51 हजार रुपये भी लिए जाते रहे।
घटनास्थल की मिट्टी से मौत का रहस्य बताने का दावा
शिकायत के अनुसार आरोपी ने दावा किया कि वह घटनास्थल की मिट्टी और चावल देखकर मौत का पूरा रहस्य बता देगा। इसके लिए उसने पहली मुलाकात में ही 51 हजार रुपये लिए और इंदौर से घटनास्थल की मिट्टी भी मंगवाई। इसके बाद वह लगातार नई-नई तारीखें देता रहा और कभी रायपुर, कभी नोएडा, कभी जयपुर तो कभी वृंदावन बुलाता रहा, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
डॉ. ऋषभ चौबे की शिकायत पर खम्हारडीह थाना पुलिस ने आरोपी कथित तांत्रिक नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।