दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ की पावन नगरी दंतेवाड़ा में एजुकेशन सिटी जावंगा-गीदम स्थित ऑडिटोरियम में आज 18 फरवरी को हरिभूमि आईएनएच के संयुक्त तत्वावधान में ‘जिला संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में जिले के विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं की प्रगति और क्षेत्रीय समस्याओं पर व्यापक चर्चा होगी।
चार चरणों में संपन्न होगा आयोजन:
कार्यक्रम में हरिभूमि आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के साथ संवाद करेंगे। आयोजन चार चरणों में संपन्न होगा, जिसकी अंतिम कड़ी में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। प्रमुख जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी।
कई जनप्रतिनिधि और राजनीतिक हस्तियां होंगे शामिल:
‘जिला संवाद’ में कई जनप्रतिनिधि और राजनीतिक हस्तियां मुख्य अतिथि के रूप में वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सलीम रजा उस्मानी, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पीसीसी सदस्य अवधेश गौतम, जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा शामिल होंगी, इनकी उपस्थिति में जिले के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
विकास, योजनाएं और चुनौतियां एक मंच पर:
छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के संदर्भ में आयोजित यह संवाद कार्यक्रम जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा, जनसमस्याओं के समाधान और भविष्य की प्राथमिकताओं पर केंद्रित रहेगा। प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का यह प्रयास महत्वपूर्ण माना जा रहा है।