छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप के पलटने से बड़ा हादसा हो गया। मां अंगारमोती के दर्शन करने के बाद सियादेही जा रहे श्रद्धालुओं का वाहन भटगांव आईटीआई के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में करीब 25 लोग घायल हो गए। पिकअप में लगभग 40 लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु बालोद जिले के बोहरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
भटगांव आईटीआई के पास अचानक पलटा वाहन
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु पिकअप क्रमांक CG 05 AV 8884 में सवार होकर गंगरेल स्थित मां अंगारमोती मंदिर पहुंचे थे। दर्शन करने के बाद वे सियादेही की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रुद्री थाना क्षेत्र के ग्राम भटगांव में आईटीआई के पास पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
वाहन के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पिकअप में सवार कई लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
डायल 112 और एंबुलेंस की टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112, रुद्री पुलिस पेट्रोलिंग और एंबुलेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। घायलों को पहले भटगांव के आरोग्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें प्रारंभिक सहायता दी गई।
इसके बाद वरदान एंबुलेंस समेत अन्य एंबुलेंस की मदद से घायलों को धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
बच्चों समेत कई श्रद्धालु घायल
हादसे में चित्रा (14), लक्ष्य (10), रुक्मणी (35), देविका (15) और टेमन (11) सहित कई श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने में शिवा प्रधान, प्रेम साहू, हेमंत प्रधान और अन्य लोगों ने सहयोग किया।
डायल 112 की टीम में चालक रुद्रनारायण साहू और गणेश साहू मौजूद थे। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घायलों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।