Datia News: जिले के गोराघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम उचाड़ में आस्था को चोट पहुंचाने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहां कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने मंदिर परिसर में घुसकर भगवान शिव, नंदी महाराज, भैरव जी और श्री हनुमान जी की प्रतिमाओं को खंडित कर दिया है। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
पुजारी की अनुपस्थिति में वारदात
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय की है जब मंदिर के पुजारी बाहर गए हुए थें। जब पुजारी वापस मंदिर लौटे, तो वहां का दृश्य देखकर दंग रह गए। मंदिर के अंदर भगवान की मूर्तियां टूटी हुई अवस्था में जमीन पर पड़ी थीं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
प्रतिमाएं खंडित होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गोराघाट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अब उन असामाजिक तत्वों की तलाश में जुटी है जिन्होंने गांव की शांति भंग करने की इस साजिश को अंजाम दिया है।