राजेश कुमार सोनी, डबरा: डबरा नगर पालिका में टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितता के बड़े मामले में शासन ने कड़ी कार्रवाई की है। संपत्ति कर की रसीदें ऑनलाइन पोर्टल से डिलीट कर सरकारी राशि का गबन करने के आरोपी संविदा कर्मचारी राघवेंद्र शर्मा को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही, नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने के लिखित निर्देश दिए हैं।
पार्षदों की सतर्कता से हुआ खुलासा
इस बड़े घोटाले का पर्दाफाश परिषद की पिछली बैठक में हुआ, जब पार्षद धर्मेंद्र सिंह (हैप्पी) और हीरा सरदार ने रसीदें गायब होने का मुद्दा उठाया। आरोप है कि राघवेंद्र शर्मा ने लोगों से टैक्स की राशि तो वसूली, लेकिन पोर्टल से रसीदें मिटाकर उस पैसे को सरकारी खजाने में जमा करने के बजाय खुद हड़प लिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, यह हेरफेर करोड़ों रुपये का हो सकता है।
जांच के घेरे में अन्य कर्मचारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित जांच दल ने राघवेंद्र शर्मा को दोषी पाया, जिसके बाद भोपाल से बर्खास्तगी के आदेश जारी हुए। नगर पालिका सीएमओ साक्षी वाजपेई ने राजस्व प्रभारी रामवीर सिंह को पुलिस कार्रवाई के लिए अधिकृत किया है। चर्चा है कि इस घोटाले के तार अन्य विभागों और कर्मचारियों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिससे आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां संभव हैं , डबरा नगर पालिका में पहले ही पूर्व सीएमओ प्रदीप भदोरिया और संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल गुप्ता पर भी गवन के मामले में FIR हो चुकी है यह दूसरा मामला है जब एक संविदा कर्मी पर भी गवर्न करने का आरोप लगा है और FIR के निर्देश दिए गए हैं ।