बिलासपुर। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के नगपुरा-धमनी-कड़ार-सेंवार मार्ग की जर्जर हालत को लेकर कांग्रेस ने अलग अंदाज में विरोध दर्ज कराया। ग्राम सेंवार में सड़क पर बने पानी से भरे गड्ढों में कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से मछलियां छोड़ दीं और इसे सरकार की लापरवाही का प्रतीक बताया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि अब वह सड़क कम और तालाब ज्यादा नजर आती है।
सड़क निर्माण तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र की यह मुख्य सड़क लंबे समय से खराब पड़ी है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत और मांग के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर कांग्रेस ने यह अनोखा आंदोलन शुरू किया है। नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक विरोध जारी रहेगा।
विधायक को प्रतीकात्मक रूप से मछली भेंट करेंगे कार्यकर्ता
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऐलान किया कि आंदोलन के अगले चरण में सड़क के गड्ढों में पाली जा रही प्रतीकात्मक मछलियों को बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक को भेंट किया जाएगा। उनका कहना है कि यह सरकार और जनप्रतिनिधियों का ध्यान क्षेत्र की बदहाल सड़कों की ओर आकर्षित करने का एक प्रतीकात्मक प्रयास है।
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के दौरान प्रशासन से सड़क का जल्द निर्माण कराने, जलभराव की समस्या दूर करने और खराब मार्ग की तकनीकी जांच कराने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।