भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज सीएम मोहन ने नगर निगम के नवीन 8 मंजिला भवन का लोकार्पण किया। यह भवन आधुनिक सुविधा से लेस है। जिसे तैयार करने में प्रशासन ने 72 करोड़ रूपए खर्च किए गए। 2 लाख वर्ग फुट में तैयार इस भवन को अटल भवन' नाम दिया गया। जहां पर अब एक ही छत में जनता जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा, टैक्स, जलकर आदि काम आसानी से करवा सकेंगे।
भविष्य के हिसाब से शहरों को किया जा रहा विकसित
निगम मुख्यालय के नए भवन का उद्घाटन करते हुए सीएम ने कहा कि बदलते दौर में भोपाल, मध्यप्रदेश और देश तीनों तेजी से बदल रहे हैं और अब भविष्य की जरूरतों के हिसाब से शहरों का विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम छू रहा है और सनातन संस्कृति का गौरव दुनिया के सामने स्थापित हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में किसानों को सबसे अच्छा समर्थन मूल्य मिल रहा है, सरकार 2625 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीद रही है और सिंचाई रकबा भी लगातार बढ़ाया गया है।
राजधानी में आईटी सिटी विकसित करने की भी योजना
भविष्य में भोपाल में आईटी सिटी विकसित करने की भी योजना तैयार की जा रही है। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने जन सेवा को शासन का आधार माना था. उनके नाम पर स्थापित यह भवन सुलभ, सुव्यवस्थित और पारदर्शी सेवाओं का केंद्र होगा।
नया भवन ग्रीन ब्लिडिंग कॉन्सेप्ट पर आधारित
नया भवन ग्रीन ब्लिडिंग कॉन्सेप्ट पर आधारित है। इस भवन का उद्देश्य नागरिकों को सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। भवन में सूर्य के प्रकाश और वेंटीलेशन की पर्याप्त व्यवस्था है, जो ऐतिहासिक रूप से प्रमाणित भारतीय वास्तुकला के सिद्धांतों के अनुरूप है।
भवन आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस
अटल भवन को आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस बनाया गया है। इस भवन में हाईटेक कार्यालय, डिजिटल रिकॉर्ड सिस्टम, आधुनिक मीटिंग हॉल, पार्किंग और नागरिक सुविधा केंद्र बनाए गए हैं. प्रशासन का दावा है कि इससे निगम की कार्यक्षमता बढ़ेगी और लोगों को सेवाएं तेजी से मिल सकेंगी. इससे भोपाल की प्रशासनिक व्यवस्था को नया स्वरूप मिलने की भी उम्मीद है।