भोपाल : मध्य प्रदेश की मोहन सरकार विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार कई बड़े बड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में आज सीएम मोहन ने सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा-2026 के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मौके पर विधायक रामेश्वरम शर्मा, भगवान दास सबनानी, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी भी शामिल रहे। जिन्होंने श्रद्धालुओं की सुखद यात्रा की कामना करते हुए शुभकामनाएं दी।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास जारी
इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है. हेली सेवा के बाद अब रेल मार्ग से इस तरह की विशेष तीर्थ यात्रा श्रद्धालुओं की सुविधा और पहुंच को और आसान बनाएगी. मुख्यमंत्री ने सोमनाथ मंदिर को स्वाभिमान, आस्था और सांस्कृतिक वैभव का प्रतीक बताते हुए इसे द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम स्थान पर प्रतिष्ठित बताया।
यात्रा देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का माध्यम
सीएम ने आगे कहा कि तीर्थ यात्राएं केवल धार्मिक आयोजन नहीं होतीं, बल्कि वे देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का माध्यम भी बनती हैं। जब लोग एक राज्य से दूसरे राज्य जाते हैं, तो वे एक-दूसरे की संस्कृति, परंपरा और जीवनशैली को समझते हैं। इससे राष्ट्रीय एकात्मता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा के सफल और मंगलमय होने की कामना की।
1100 श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना
बता दें कि संस्कृति विभाग की पहल पर यह गौरवशाली यात्रा 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के अंतर्गत निकाली गई है। इस विशेष तीर्थयात्रा के जरिये करीब 1100 श्रद्धालु गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे। यात्रा का शुभारंभ सीएम मोहन ने रानी कमलापति स्टेशन से किया।