रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े शुल्क में बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। लगभग पांच वर्षों बाद लिए गए इस निर्णय के तहत नए शुल्क शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू किए जाएंगे। इससे बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार बढ़ेगा।
नियमित छात्रों को अब देने होंगे 800 रुपये
संशोधित शुल्क के अनुसार अब नियमित परीक्षार्थियों को परीक्षा शुल्क, अंकपत्र और प्रति विषय प्रैक्टिकल शुल्क मिलाकर कुल 800 रुपये जमा करने होंगे। इससे पहले यह राशि 460 रुपये थी। यानी एक ही बार में शुल्क में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
आवेदन फार्म हुआ महंगा
बोर्ड परीक्षा के आवेदन फार्म का शुल्क भी बढ़ा दिया गया है। पहले जहां छात्रों को 80 रुपये का भुगतान करना पड़ता था, अब इसके लिए 150 रुपये देने होंगे। हालांकि प्रवेश पत्र की दूसरी प्रति का शुल्क पहले की तरह 80 रुपये ही रहेगा।
कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
माशिमं की कार्यपालिका समिति की बैठक में 10वीं और 12वीं परीक्षा शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे मंजूरी दे दी गई। समिति ने कुल 22 विभिन्न मदों में शुल्क वृद्धि को स्वीकृति दी है। इसमें नामांकन शुल्क, अतिरिक्त विषय, द्वितीय मुख्य या अवसर परीक्षा, स्वाध्यायी छात्रों के पंजीयन व अनुमति शुल्क शामिल हैं।
स्वाध्यायी छात्रों पर भी असर
नए शुल्क ढांचे का प्रभाव स्वाध्यायी छात्रों पर भी पड़ेगा। प्रदेश के स्वाध्यायी एससी/एसटी वर्ग के छात्रों के पंजीयन और अनुमति शुल्क में करीब डेढ़ गुना बढ़ोतरी की गई है। यह शुल्क अब 560 रुपये से बढ़कर 800 रुपये हो गया है। वहीं राज्य के नए और राज्य से बाहर के छात्रों के लिए यह शुल्क 1,540 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया गया है।
विषयवार परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी
अब एक विषय की परीक्षा के लिए छात्रों को 400 रुपये चुकाने होंगे, जबकि पहले यह शुल्क 280 रुपये था। दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा) के लिए शुल्क 340 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है।
संशोधित शुल्क सूची (10वीं और 12वीं)
नियमित परीक्षा, अंकपत्र व प्रैक्टिकल: 460 → 800 रुपये
नामांकन शुल्क: 80 → 200 रुपये
अतिरिक्त विषय: 110 → 250 रुपये
स्वाध्यायी संपूर्ण विषय परीक्षा: 1,230 → 1,600 रुपये
स्वाध्यायी एक विषय: 280 → 500 रुपये
स्वाध्यायी दो विषय: 340 → 600 रुपये
परीक्षा केंद्र परिवर्तन शुल्क: 240 → 400 रुपये
विलंब शुल्क (स्वाध्यायी): 770 → 1,000 रुपये
विशेष विलंब शुल्क: 1,540 → 2,000 रुपये
छात्रों और अभिभावकों में बढ़ी चिंता
उल्लेखनीय है कि माशिमं ने इससे पहले वर्ष 2021 में बोर्ड परीक्षा शुल्क में संशोधन किया था। पांच साल बाद फिर से शुल्क बढ़ाए जाने से छात्रों और अभिभावकों में चिंता और असंतोष का माहौल है।