रायपुर। छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को ₹755 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास, कोयला परिवहन और देश की ऊर्जा सुरक्षा को नई मजबूती प्रदान करेगी। चांपा-कोरबा रेलखंड छत्तीसगढ़ के सबसे महत्वपूर्ण माल परिवहन मार्गों में से एक माना जाता है, जहां से बड़ी मात्रा में कोयले का परिवहन किया जाता है।
कोयला परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि तीसरी रेल लाइन के निर्माण से कोयला परिवहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे बिजली उत्पादन इकाइयों को समय पर कोयला उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी।
यात्रियों और उद्योगों को होगा फायदा
सीएम साय ने कहा कि यह परियोजना केवल माल परिवहन तक सीमित नहीं रहेगी। रेल लाइन के विस्तार से यात्री ट्रेनों के संचालन में भी सुधार होगा और क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इसके अलावा औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी गति मिलेगी।
विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना "विकसित छत्तीसगढ़" और "विकसित भारत" के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में अधोसंरचना विकास के नए आयाम स्थापित होंगे और प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी।
