CG Morning News: छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और खेल जगत से जुड़ी कई बड़ी गतिविधियां होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एक दिन में तीन जिलों के दौरे पर रहेंगे, वहीं राजधानी रायपुर में 10 साल बाद IPL मुकाबले की वापसी क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ा आकर्षण बनी हुई है। दूसरी ओर प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
CM साय का जशपुर, कबीरधाम और मुंगेली दौरा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर, कबीरधाम और मुंगेली जिले का दौरा करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह रायपुर से हेलीकॉप्टर के जरिए जशपुर रवाना होंगे। जशपुर के ग्राम कलिबा में निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री कबीरधाम पहुंचेंगे। कबीरधाम में वे अखिल भारतीय कुर्मी-क्षत्रिय महासभा के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मुंगेली पहुंचकर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मुंगेली में मुख्यमंत्री डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही बाबा संत गुरु घासीदास, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप और भक्त माता कर्मा की प्रतिमाओं का लोकार्पण और माल्यार्पण कार्यक्रम भी आयोजित होगा। शाम को विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन, शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।
RCB और मुंबई इंडियंस का महा मुकाबला
राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज IPL 2026 का हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस की टीमें आमने-सामने होंगी। करीब एक दशक बाद रायपुर में IPL मैच होने जा रहा है, जिसे लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी मैच को और खास बना रही है। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं।
PM आवास योजना पर कांग्रेस का हमला:
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र के माडागांव में आयोजित सुशासन तिहार का जिक्र करते हुए कहा कि कमार जनजाति के एक परिवार को आवास की मांग के लिए अधिकारियों के सामने दंडवत होना पड़ा। दीपक बैज ने कहा कि कमार जनजाति विशेष संरक्षित जनजाति में शामिल है और इन्हें शासन की योजनाओं में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इसके बावजूद यदि उन्हें प्रधानमंत्री आवास के लिए इस तरह गुहार लगानी पड़ रही है, तो यह सरकार के दावों की पोल खोलता है। कांग्रेस ने राज्य सरकार से प्रधानमंत्री आवास योजना की वास्तविक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि जमीनी स्तर पर जरूरतमंद परिवार अब भी आवास योजना से वंचित हैं।