रायपुर: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर भाजपा का देशभर में संकल्प से सिद्धि अभियान प्रारंभ हो गया है। पहले दिन सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, और केंद्रीय मंत्रियों ने प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डिजिटल मीडिया और रीजनल मीडिया से राष्ट्रीय स्तर पर संवाद किया है। मंगलवार को राजधानी रायपुर में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देने वाले थे, लेकिन सुकमा नक्सल आईईडी ब्लास्ट में शहीद एएसपी आकाशराव गिरेपुंजे के अंतिम संस्कार के कारण इस कार्यक्रम को आगे बढ़ा दिया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर राजधानी में करेंगे मीडिया से चर्चा :
बुधवार को मुख्यमंत्री साय केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। इसी के साथ बुधवार और गुरुवार को प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा के पदाधिकारी प्रदेश भर में केंद्र सरकार की उलब्धियों की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर में बुधवार को मीडिया से चर्चा करेंगे, इस चर्चा का विषय केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल का कार्यकाल होगा। इसी के साथ दो दिनों तक प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी अलग-अलग शहरों में मीडिया से चर्चा करके केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में चर्चा करेंगे। डिप्टी सीएम अरूण साव बिलासपुर, विजय शर्मा जगदलपुर और केंद्रीय मंत्री तोखन साहू दुर्ग में मीडिया से बात करेंगे। पहले केंद्रीय मंत्रियों के साथ भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के भी आने का कार्यक्रम तय किया गया था, लेकिन अब इसको बदलकर सारी जिम्मेदारी प्रदेश के नेताओं को ही दी गई है।
प्रोफेशनल मीट का आयोजन :
केंद्र सरकार की 11 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी और प्रोफेशनल मीट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वक्ताओं द्वारा विकसित भारत की संकल्पना एवं हमारी भूमिका, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल तथा सशक्त भारत सुरक्षित भारत विषयों पर संबोधन होगा।