खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिला अस्पताल से पुलिस की एक हैरान करने वाली लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल में भर्ती एक जीवित व्यक्ति को पुलिस ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस की ओर से मिली इस सूचना के बाद परिजनों और समाज के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। यहां तक कि अंतिम संस्कार की तैयारियां भी शुरू कर दी गई थीं।
खरगोन में पुलिस की बड़ी चूक
मामला जिला अस्पताल में भर्ती राजेन्द्र चौहान से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस चौकी और कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर परिजनों को मोबाइल पर संदेश भेजे गए थे, जिनमें राजेन्द्र को मृत बताया गया था। खरगोन पुलिस की यह चूक चर्चा का विषय बना हुआ है।
तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
वासुदेव समाज के अध्यक्ष चंदन चौहान ने जिला अस्पताल पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक वहाब खान, जितेंद्र रावत और माधव सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
मामले को लेकर समाजजनों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, जैतापुर पुलिस इस मामले में फिलहाल कैमरे के सामने कुछ भी कहने से बच रही है। घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।