रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक गतिविधियों और विभिन्न अभियानों की समीक्षा के साथ आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलों से लेकर शक्ति केंद्रों तक कार्यक्रमों की समीक्षा
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने बताया कि भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाती है। इस बार भी पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आने वाले अभियानों और आयोजनों को लेकर रणनीति तैयार की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश, जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर तक कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई है।
आपातकाल दिवस को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाएगी भाजपा
बैठक में 25 जून को आपातकाल की बरसी को लेकर भी चर्चा हुई। भाजपा ने इसे ‘काला दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान प्रदेशभर में मशाल जुलूस, रैलियां और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का कहना है कि नई पीढ़ी को आपातकाल के दौरान हुए घटनाक्रमों और लोकतांत्रिक अधिकारों पर पड़े प्रभाव की जानकारी दी जाएगी।
दीपक बैज के बयान पर भाजपा का पलटवार
बैठक के संबंध में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए किरण सिंहदेव ने कहा कि जब वे बैठक में शामिल ही नहीं थे तो उन्हें अंदर हुई चर्चा की जानकारी कैसे हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा भ्रामक बयान देकर गलत माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा चुनावी नहीं, कार्यकर्ता आधारित पार्टी : अरुण साव
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय होने वाली पार्टी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्ष के 365 दिन जनता और संगठन के बीच काम करती है। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव केंद्रित राजनीति करती है और झूठे वादों के सहारे जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती रही है।
धर्मांतरण के मुद्दे पर भी हुई चर्चा
प्रदेश में धर्मांतरण के मामलों को लेकर उठ रही चर्चाओं के बीच उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भाजपा सरकार धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में इस प्रकार की गतिविधियों को खुली छूट मिली हुई थी। साव ने कहा कि सरकार और समाज दोनों स्तर पर धर्मांतरण रोकने के लिए जागरूकता और कार्रवाई जारी है।
दिल्ली रवाना हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली रवाना हो गए। जानकारी के अनुसार वे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी उनकी बैठक संभावित है। गौरतलब है कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं।